Cointelegraph
Rajeev Ranjan Roy
लेखक: Rajeev Ranjan Royस्टाफ लेखक
Pratik Bhuyan
Pratik Bhuyan द्वारा समीक्षितस्टाफ संपादक

Robert Kiyosaki का मानना है कि 2026 तक Bitcoin $250,000 और गोल्ड $27,000 पर पहुंचेगा

‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने चेताया है कि मंदी दरवाजे पर है, लेकिन असली पैसा Bitcoin, Gold और Ethereum जैसे हार्ड एसेट्स में है न कि फेड की “फेक मनी” में।

Robert Kiyosaki का मानना है कि 2026 तक Bitcoin $250,000 और गोल्ड $27,000 पर पहुंचेगा
ताज़ा ख़बर

‘रिच डैड पुअर डैड’ के मशहूर लेखक और निवेशक रॉबर्ट कियोसाकी ने एक बार फिर पारंपरिक वित्तीय व्यवस्था और अमेरिकी मौद्रिक नीति पर कड़ा प्रहार करते हुए यह दावा किया है कि दुनिया जल्द ही एक बड़े वित्तीय क्रैश की ओर बढ़ रही है। लेकिन, जहां ज्यादातर निवेशक डर के मारे अपने पैसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं कियोसाकी खरीदारी के मोड में है।

रविवार को एक्स पर साझा एक पोस्ट में कियोसाकी ने लिखा, “क्रैश आने वाला है: मैं क्यों खरीद रहा हूं, बेच नहीं रहा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अब पहले से भी ज्यादा गोल्ड, सिल्वर, बिटकॉइन और एथेरियम खरीद रहे हैं, क्योंकि इन्हें वे रियल मनी मानते हैं। वह असली संपत्ति जो कागजी मुद्रा के अवमूल्यन से बचाती है।

कियोसाकी ने अपने हालिया पोस्ट में 2026 तक बिटकॉइन को $250,000, गोल्ड को $27,000 प्रति औंस और सिल्वर को $100 प्रति औंस तक पहुंचने की भविष्यवाणी की है।

उन्होंने कहा कि उनका गोल्ड प्रोजेक्शन प्रसिद्ध अर्थशास्त्री जिम रिकार्ड्स से प्रेरित है, जबकि बिटकॉइन के लिए उनका दृष्टिकोण उनके पुराने विचार से मेल खाता है कि फेडरल रिजर्व की “फेक मनी” से सुरक्षा के लिए बिटकॉइन सबसे अच्छा साधन है।

कियोसाकी ने अपनी पोस्ट में कहा,

अमेरिका अब इतिहास का सबसे बड़ा कर्जदार राष्ट्र है। यू.एस. ट्रेजरी और फेडरल रिजर्व लगातार फेक मनी छाप रहे हैं ताकि कर्ज चुकाया जा सके। यही वजह है कि मैं कागज नहीं, बल्कि असली संपत्ति खरीद रहा हूं।

“सेवर्स लूजर्स हैं”

कियोसाकी अपने प्रसिद्ध कथन “सेवर्स आर लूजर्स” को दोहराते हुए कहते हैं कि जो लोग केवल बैंक में पैसा बचा रहे हैं, वे मुद्रास्फीति और डॉलर की गिरती कीमत के चलते नुकसान में हैं। 

उनका मानना है कि आने वाले वर्षों में दुनिया के निवेशक यह समझ जाएंगे कि “असली सुरक्षा” केवल हार्ड एसेट्स यानी सोना, चांदी और क्रिप्टो में ही है।

वे कहते हैं,

फेड जो छाप रहा है, वह फेक मनी है। लेकिन बिटकॉइन, गोल्ड और सिल्वर, ये गॉड्स मनी हैं।

एथेरियम पर भी बुलिश

बिटकॉइन के अलावा कियोसाकी अब एथेरियम पर भी बुलिश हैं। उन्होंने फंडस्ट्रैट के टॉम ली के विश्लेषण का हवाला देते हुए कहा कि एथेरियम वह ब्लॉकचेन है जो स्टेबलकॉइन्स को शक्ति देता है और इस कारण इसका ग्लोबल फाइनेंस में अनोखा एज है।

कियोसाकी के मुताबिक,

एथेरियम का नेटवर्क वैल्यू लगातार बढ़ रहा है, क्योंकि इसकी उपयोगिता असली अर्थव्यवस्था से जुड़ी है।

वे अपने निवेश दर्शन को दो ऐतिहासिक सिद्धांतों से जोड़ते हैं। ग्रेशम्स लॉ यानि खराब मनी अच्छी मनी को बाहर निकाल देती है। मेटकाफ्स लॉ यानि  किसी नेटवर्क का मूल्य उसके उपयोगकर्ताओं की संख्या के वर्ग के समानुपाती होता है।

कियोसाकी के अनुसार, इन दोनों कानूनों से यह साबित होता है कि समय के साथ अच्छी और सीमित मनी जैसे बिटकॉइन या गोल्ड अपनी जगह बनाए रखेगी, जबकि फेक मनी खत्म हो जाएगी।

क्या आप जानते हैं - भारत में बढ़ती AI-संचालित क्रिप्टो की मांग

मार्केट संकेत दे रहा है टर्नअराउंड

कियोसाकी की भविष्यवाणियां केवल बयान नहीं है। ऑन-चेन डेटा भी बिटकॉइन के लिए सकारात्मक संकेत दे रहा है।

क्रिप्टो एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म क्रिप्टो क्रिब के अनुसार, बिटकॉइन का MVRV रेशियो (मार्केट वैल्यू बनाम रियलाइज्ड वैल्यू) अब 1.8 के स्तर पर लौट आया है, एक ऐसा स्तर जो ऐतिहासिक रूप से बिटकॉइन के 30–50% रिबाउंड से पहले देखा गया है।

इससे संकेत मिलता है कि बिटकॉइन मार्केट अब ओवरसोल्ड जोन से उभर सकता है, जैसा कि 2019 और 2020 में देखा गया था।

इस बीच, क्रिप्टो जगत के एक और प्रमुख नाम आर्थर हेज़, पूर्व बिटएमईएक्स सीईओ, ने कहा है कि बढ़ते अमेरिकी कर्ज के चलते फेडरल रिजर्व को “स्टेल्थ क्वांटिटेटिव ईजिंग (QE)” की ओर धकेला जाएगा।

उनके मुताबिक, फेड को अपनी स्टैंडिंग रेपो फैसिलिटी के जरिए वित्तीय सिस्टम में लिक्विडिटी इंजेक्ट करनी पड़ेगी, ताकि ट्रेजरी कर्ज का बोझ संभाला जा सके।

हेज़ का मानना है कि यह “शांत बैलेंस शीट विस्तार” डॉलर की तरलता बढ़ाएगा और एसेट प्राइसेज, विशेष रूप से बिटकॉइन और क्रिप्टोकरेंसीज, को ऊपर धकेलेगा।

फेक मनी खत्म होगी, रियल मनी टिकेगी

रॉबर्ट कियोसाकी का संदेश सीधा है। दुनिया का वित्तीय ढांचा “फेक मनी” पर टिका है, और जब यह गिरावट में आएगा, तब केवल वे निवेशक सुरक्षित रहेंगे जिन्होंने रियल एसेट्स में भरोसा किया है।

उनके शब्दों में,

मैं डरता नहीं, खरीदता हूं। जब बाकी लोग घबराते हैं, तब मैं अवसर देखता हूं।

निष्कर्ष

जैसे-जैसे अमेरिकी कर्ज बढ़ रहा है और फेड की नीतियों पर सवाल उठ रहे हैं, कियोसाकी जैसे निवेशक हार्ड एसेट्स की ओर झुकाव को भविष्य की सबसे बड़ी वित्तीय शिफ्ट मानते हैं।

चाहे 2026 तक बिटकॉइन वाकई $250,000 तक पहुंचे या नहीं, एक बात तय है कि कियोसाकी का विश्वास यह संकेत देता है कि वित्तीय सुरक्षा की नई परिभाषा अब डिजिटल गोल्ड और रियल मनी में खोजी जा रही है।

ऐसी ही और ख़बरों और क्रिप्टो विश्लेषण के लिए हमें X पर फ़ॉलो करें, ताकि कोई भी अपडेट आपसे न छूटे!

Cointelegraph स्वतंत्र और पारदर्शी पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध है। यह समाचार लेख Cointelegraph की संपादकीय नीति के अनुरूप तैयार किया गया है और इसका उद्देश्य सटीक तथा समय पर जानकारी प्रदान करना है। पाठकों को जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। हमारी संपादकीय नीति पढ़ें https://in.cointelegraph.com/editorial-policy