Cointelegraph
Rajeev Ranjan Roy
लेखक: Rajeev Ranjan Royस्टाफ लेखक
Pratik Bhuyan
Pratik Bhuyan द्वारा समीक्षितस्टाफ संपादक

Cere Network पर $100 Mn का धोखाधड़ी मुकदमा, सह-संस्थापक और निदेशक मंडल पर गंभीर आरोप

अमेरिका में सेर नेटवर्क के को-फाउंडर और बोर्ड पर $100M का मुकदमा दर्ज, 2021 के टोकन लॉन्च में धोखाधड़ी, गुमराह करने और फंड के दुरुपयोग के आरोप।

Cere Network पर $100 Mn का धोखाधड़ी मुकदमा, सह-संस्थापक और निदेशक मंडल पर गंभीर आरोप
ऑल्टकॉइन वॉच

संयुक्त राज्य अमेरिका के सान फ़्रांसिसको  स्थित एक संघीय अदालत में क्रिप्टो इंफ्रास्ट्रक्चर सेर नेटवर्क के सह-संस्थापक फ्रेड जिन तथा इसके निदेशक मंडल के विरुद्ध $100 Mn (लगभग 840 करोड़ रुपये से अधिक) के बड़े धोखाधड़ी मुकदमे की सुनवाई शुरू हो गई है।

यह मुकदमा वर्ष 2021 में हुई सार्वजनिक टोकन बिक्री से जुड़ी कथित गंभीर अनियमितताओं को लेकर दायर किया गया है। वादियों का आरोप है कि परियोजना के शीर्ष नेतृत्व ने निवेशकों को भ्रामक सूचनाएं प्रदान कीं और प्राप्त धनराशि का उपयोग परियोजना के विकास के बजाय निजी लाभ के लिए किया।

गुप्त रूप से टोकन की बिक्री का आरोप 

यह मुकदमा लुजुंजिन “विवियन” लियू और उनकी कंपनी गूपल डिजिटल लिमिटेड द्वारा दायर किया गया है। अदालत में प्रस्तुत दस्तावेज़ों के अनुसार, सेर नेटवर्क ने अपने टोकन के सार्वजनिक लॉन्च से पहले निवेशकों को यह भरोसा दिलाया था कि संस्थापक, निदेशक मंडल और शुरुआती निवेशक एक निर्धारित “लॉक-अप अवधि” के दौरान अपने टोकन नहीं बेचेंगे, जिससे बाजार में स्थिरता बनी रहे और निवेशकों का विश्वास कायम रहे।

हालांकि, आरोप है कि इस आश्वासन के विपरीत फ्रेड जिन और उनके करीबी सहयोगियों ने सार्वजनिक बाजार में गुप्त रूप से टोकन की बिक्री की और लगभग $41 Mn की राशि को निजी डिजिटल वॉलेट्स तथा कथित शेल कंपनियों में स्थानांतरित कर दिया। वादियों का दावा है कि यह पूरी प्रक्रिया योजनाबद्ध तरीके से की गई, जिससे सामान्य निवेशकों को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा।

धनराशि का उपयोग तकनीकी उन्नयन के लिए नहीं किया गया

अदालत में दाखिल दस्तावेज़ यह भी संकेत देते हैं कि इस धनराशि का उपयोग सेर नेटवर्क के बुनियादी ढांचे के विकास या तकनीकी उन्नयन के लिए नहीं किया गया। इसके बजाय, इन निधियों को अत्यधिक जोखिमपूर्ण क्रिप्टो व्यापार गतिविधियों में लगाया गया।

इसके अतिरिक्त, आरोप है कि बाजार में कृत्रिम मांग और लेन-देन की मात्रा दिखाने के लिए एक बाजार-निर्माता संस्था गॉटबिट के साथ मिलकर स्वचालित ट्रेडिंग बॉट्स का प्रयोग किया गया, ताकि वास्तविक स्थिति को छिपाया जा सके।

क्या आप जानते हैं: बिटकॉइन माइनिंग के लिए इस्तेमाल किए गए 6 सबसे अजीब यंत्र

मुकदमे में यह भी कहा गया है कि सेर नेटवर्क ने अपनी तकनीकी क्षमताओं, बड़े कॉरपोरेट ग्राहकों के साथ साझेदारियों और परियोजना के वास्तविक उपयोग-मामलों को लेकर निवेशकों के समक्ष बढ़ा-चढ़ाकर या भ्रामक दावे किए।

आरोप के अनुसार, टोकन बिक्री से प्राप्त धन का इस्तेमाल पारदर्शी और दीर्घकालिक विकास के बजाय सीमित व्यक्तियों के निजी लाभ के लिए किया गया। इसका प्रत्यक्ष परिणाम यह हुआ कि सार्वजनिक लॉन्च के कुछ ही दिनों के भीतर टोकन का मूल्य तेज़ी से गिर गया।

दूसरा बड़ा मुकदमा

उल्लेखनीय है कि यह सेर नेटवर्क के खिलाफ इस महीने दायर किया गया दूसरा बड़ा मुकदमा है। इससे पहले जनवरी की शुरुआत में सह-संस्थापक केन वांग ने भी डेलावेयर की अदालत में फ्रेड जिन और निदेशक मंडल के विरुद्ध लगभग 58 मिलियन डॉलर के कथित वित्तीय दुरुपयोग का मामला दर्ज कराया था। वांग ने आरोप लगाया था कि वित्तीय विवरणों में हेरफेर और भ्रामक लेखांकन तरीकों के ज़रिये निवेशकों को गुमराह किया गया।

सेर नेटवर्क का मूल टोकन सीईआरई, जो अपने शुरुआती चरण में लगभग 47 सेंट तक पहुंच गया था, अब अपने उच्चतम स्तर से लगभग 99.9% तक गिर चुका है। क्रिप्टो बाजार के आंकड़ों के अनुसार, इस गिरावट ने बड़ी संख्या में खुदरा और संस्थागत निवेशकों को गंभीर नुकसान पहुंचाया है।

क्रिप्टो उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि यह मुकदमा डिजिटल संपत्ति बाजार में पारदर्शिता, जवाबदेही और निवेशक संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण नज़ीर बन सकता है।

अदालत में यह भी विचार किया जा सकता है कि क्या डिजिटल टोकन की बिक्री और उनके प्रचार को पारंपरिक प्रतिभूति कानूनों के अंतर्गत लाया जाना चाहिए, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र के लिए अधिक सख्त नियामक ढांचा तैयार हो सके।

निष्कर्ष

सेर नेटवर्क पर दायर $100 Mn का यह मुकदमा वैश्विक क्रिप्टो बाजार में विश्वास और पारदर्शिता के संकट को उजागर करता है। यदि अदालत निवेशकों के पक्ष में निर्णय देती है, तो इससे न केवल सेर नेटवर्क के नेतृत्व की जवाबदेही तय होगी, बल्कि क्रिप्टो परियोजनाओं में निवेशक संरक्षण, निगरानी और नियमन को लेकर आने वाले समय में व्यापक और ठोस सुधार देखने को मिल सकते हैं।

ऐसी ही और ख़बरों और क्रिप्टो विश्लेषण के लिए हमें X पर फ़ॉलो करें, ताकि कोई भी अपडेट आपसे न छूटे!

Cointelegraph स्वतंत्र और पारदर्शी पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध है। यह समाचार लेख Cointelegraph की संपादकीय नीति के अनुरूप तैयार किया गया है और इसका उद्देश्य सटीक तथा समय पर जानकारी प्रदान करना है। पाठकों को जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। हमारी संपादकीय नीति पढ़ें https://in.cointelegraph.com/editorial-policy